लोक निर्माण विभाग के कामगार खुद बनाएंगे 10 मीटर डंगा, 16 महीने बाद शुरू हो पाया काम
कुल्लू दशहरा के बाद से रोहाचला से आगे जुहड़ पहुंचेगी निगम की बस
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। लोक निर्माण विभाग ने रोहाचला से फनौटी -जुहड़ सड़क पर डंगा लगाने का कार्य शुरू कर दिया है। 16 महीने बाद विभाग 10 मीटर लंबा डंगा लगाएगा। कुल्लू दशहरा के बाद यह सड़क बस की आवाजाही के लिए पूरी तरह से तैयार हो जाएगी। इससे फनौटी पंचायत के आठ गांवों के लोगों को सुविधा मिलेगी। चार अक्तूबर को सड़क से संबंधित खबर को प्रमुखता से उठाया गया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग हरकत में आया और डंगा लगाने का कार्य शुरू कर दिया है।
लोक निर्माण विभाग ने एक साल में दो बार ठेकेदार को काम दिया लेकिन काम शुरू नहीं हो पाया। नोटिस देने के बाद भी काम आरंभ न होने पर अब लोक निर्माण के फील्ड स्टाफ ने कार्य शुरू कर दिया है। आठ जुलाई 2023 में जिले में आई आपदा के बाद आनी-रोहाचला-जुहड़ सड़क रोहाचला से आगे बंद पड़ी है। फनौटी गांव के पास डंगा नहीं लगने से मार्ग पर 16 माह से निगम की बस नहीं जा रही है।
बड़े वाहन भी नहीं गुजरने से लोग अपने घरों के लिए निर्माण सामग्री भी नहीं ले जा पा रहे हैं। सड़क से फनौटी, निचली फनौटी, जुहड़, झाकडृूपानी, बनाला, रोहाचला, दपांदा और धार गांव के लोग लाभान्वित होते हैं। रोहाचला से आगे तीन किलोमीटर का सफर ग्रामीणों को पैदल ही करना पड़ रहा है। ग्रामीण सोहन लाल नेगी, केहर सिंह, नरोतम सिंह तथा गोपाल सिंह ने कहा कि सड़क पर डंगा लगाने का काम लोक निर्माण विभाग ने शुरू कर दिया है। कहा कि अब जल्द क्षेत्रवासियों को बस सुविधा मिलेगी।
...
रोहाचला-जुहड़ सड़क पर डंगा लगाने का काम विभाग ने शुरू कर दिया है। ठेकेदारों के काम न करने से इसमें देरी हुई है। दशहरा के बाद यह सड़क बस योग्य तैयार की जाएगी।
-मनीष कुमार, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग
000