देहुरी में आज माता की पुरानी मूर्ति की होगी पूजा-अर्चना
दो करोड़ की लागत से बना काष्ठकुणी शैली में मंदिर
संवाद न्यूज एजेंसी
सैंज (कुल्लू)। ग्राम पंचायत बनोगी के देहुरी गांव में ईष्ट माता दुर्गा के भव्य मंदिर की प्रतिष्ठा 21 अप्रैल को होगी। देव परंपराओं के अनुसार माता की प्राचीन मूर्तियों का पूजन 20 अप्रैल को किया जाएगा। नव निर्मित मंदिर का कार्य दो साल पहले आरंभ हुआ था। साल 1990 में बने पुराने मंदिर का निष्पादन कर अब पहाड़ी शैली (काष्ठकुणी) में मंदिर बनाया गया है।
करीब दो करोड़ की लागत से बनाए गए मंदिर को लेकर हारियानों में खासा उत्साह है। धार्मिक कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, सांसद प्रतिभा सिंह, सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर, विधायक सुरेंद्र शौरी, एपीएमसी के अध्यक्ष राम सिंह मियां और जिप अध्यक्ष पंकज परमार भी भाग लेंगे। माता के कारकून मेहर चंद ने कहा कि मंदिर निर्माण के लिए खर्चा जा रहा धन बनोगी कोठी के तहत आने वाले हारियानों ने स्वयं एकत्रित किया है।
सुचैहण, बनोगी और दुशाहड़ पंचायत में बसे हारियानों ने मंदिर निर्माण के लिए जुआरी प्रथा का निर्वहन करते हुए यहां निशुल्क काम किया। कारकून नारायण चौहान ने बताया कि प्रतिष्ठा के अवसर पर मंदिर में रक्षा सूत्र के लिए पीपल, खरशु, रखाल, वटवृक्ष, आम्रपात्र, पाखर और गुलर आदि के पत्ते की यज्ञमाला प्रयोग में लाई जाएगी। पुजारी रोशन लाल शर्मा ने बताया कि माता की प्राचीन मूर्ति का मंदिर में प्रवेश मुहूर्त कन्या लग्न में होगा। इसके बाद देव प्रक्रिया शुरू होगी, जिसमें जलयात्रा और हवन यज्ञ होंगे।
दैवीय कार्य के साथ 21 अप्रैल को भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कहा कि काष्ठकुणी शैली में बना नवनिर्मित मंदिर माता दुर्गा को समर्पित किया जाएगा। कारकून रामकृष्ण चौैहान ने बताया कि प्रतिष्ठा में देवता पुंडिर, श्रीनाग, जनासर, पढ़ारी सहित सैंज घाटी के समस्त देव समाज के कारकूनों को आमंत्रित किया गया है। संवाद