उदयपुर में राम मंदिर में चंदा चोरी के विरोध में रैली निकालते लाहौल-स्पीति जिला कांग्रेस के का
केलांग (लाहौल-स्पीति)। जिला कांग्रेस कमेटी लाहौल-स्पीति की बैठक मंगलवार को उदयपुर में कांग्रेस अध्यक्ष दोरजे अंगरूप की अध्यक्षता में हुई। इसमें जिला कांग्रेस प्रभारी हरिचंद शर्मा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि किरण, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनिल ठाकुर और सुरेंद्र सहित जिले एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने और जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रीराम मंदिर में कथित चंदा चोरी मामले को लेकर विरोध रैली निकाली और प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि यदि मंदिर निर्माण के लिए श्रद्धालुओं से प्राप्त चंदे के उपयोग में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने इसमें संलिप्त दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जिला कांग्रेस प्रभारी हरिचंद शर्मा ने केंद्र सरकार की नीतियों की भी आलोचना की। कहा कि जनता की आस्था से जुड़े मामलों में पूरी पारदर्शिता आवश्यक है। किसी भी तरह की अनियमितता सामने आने पर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए। संवाद