केलांग में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांगा चुनाव आयुक्त का इस्तीफा
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को केलांग में विरोध-प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस प्रभारी हरिचंद शर्मा की अध्यक्षता में हुए प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया तथा मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दोरजे लारजे ने कहा कि भारी बारिश और कड़ाके की ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता के अधिकारों की रक्षा के साथ मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों का समाधान किया जाना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व वाले चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विरोध जताया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब तक चुनाव आयुक्त इस्तीफा नहीं देते, कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष ज्ञालसन ठाकुर, पूर्व प्रवक्ता अनिल सहगल, प्रवक्ता राम सिंह थामस, जिला कांग्रेस कमेटी महासचिव अरुण कुमार, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी उदयपुर के अध्यक्ष खुशाल ठाकुर सहित पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। संवाद