पिरड़ी में आयकर विभाग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष व कांग्रेसी। संव
पार्टी के खातों को फ्रीज करने के विरोध में गिने चुने कांग्रेस कार्यकर्ता हुए शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। कांग्रेस में एक बार फिर गुटबाजी सामने आई है। जिला कांग्रेस कमेटी ने कांग्रेस पार्टी के खाते फ्रीज किए जाने के विरोध में मंगलवार को पिरड़ी में आयकर विभाग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन रखा था। प्रदर्शन में गिने चुने कांग्रेस कार्यकर्ता ही शामिल हुए। प्रदर्शन में शामिल होने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं की संख्या 15 से भी कम थी। प्रदर्शन में इतनी कम संख्या होना कांग्रेस की गुटबाजी का नतीजा माना जा रहा है, जबकि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है। राजनीतिक गलियाराें में अब चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। इसके पीछे असली वजह क्या है, यह आने वाले समय में ही पता चल पाएगा। प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष सेस राम आजाद ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने पूरे देश में कांग्रेस पार्टी और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के खातों को फ्रीज किया है। भाजपा कांग्रेस पार्टी को डराने का कार्य कर रही है लेकिन कांग्रेस इन सब बातों से डरने वाली नहीं है। जिस तरह से देशभर में अब कांग्रेस पार्टी के प्रति जनता का विश्वास बढ़ा है, उससे भाजपा डर रही है। अगर केंद्र सरकार ने जल्द अपना फैसला नहीं बदला तो केंद्र सरकार के खिलाफ पूरे प्रदेश में कांग्रेस प्रदर्शन करेगी। संवाद