बंजार में मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर बैठक करते काग्रेंस के कार्यकर्ता।-संवाद
बंजार (कुल्लू)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सात मई को विधानसभा बंजार क्षेत्र का दौरा करेंगे। मुख्यमंत्री बंजार में लगभग 75 करोड़ के विकास कार्यों की आधारशिला और उद्घाटन करेंगे।
इनमें बंजार की बाईपास सड़क और गुशैणी-न्यूली के दो पुल भी शामिल हैं। यह बात एपीएमसी अध्यक्ष राम सिंह मियां ने कही। मुख्यमंत्री के बंजार दौरे को लेकर शुक्रवार को बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता एपीएमसी अध्यक्ष राम सिंह मियां ने की। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम के बस अड्डा बंजार में बनी तीन मंजिला पार्किंग का उद्घाटन भी मुख्यमंत्री करेंगे। बंजार विधानसभा क्षेत्र के लोगों को मुख्यमंत्री से और कई बड़े कामों की घोषणाओं की आशा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिमला से हेलिकाप्टर से सात मई को पलाहच हेलीपैडपर सुबह 11:00 बजे उतरेंगे। वहां से गाड़ी में विश्राम गृह बंजार में पहुंचेंगे। इसके बाद नेचर पार्क देहुरी में जनसभा को संबोधित करेंगे। शरची गांव में मुख्यमंत्री का रात्रि ठहराव होगा। संवाद