केलांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय क्षेत्र लाहौल के चोखंग स्थित गुवाड़ी नाला में सोमवार शाम छह बजे बादल फटने से चोखंग-नैनगाहर सड़क का करीब 400 मीटर हिस्सा बह गया है। सड़क अवरुद्ध होने से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है। नीलकंठ जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ क्षेत्र के किसानों की सब्जियों से लदी गाड़ियां भी फंस गई हैं। सड़क का एक बड़ा हिस्सा बहने से किसान चिंतित हो गए हैं।
घटना के बाद लोक निर्माण विभाग ने मंगलवार सुबह से सड़क बहाली का काम शुरू कर दिया। मूरिंग पंचायत के प्रधान संदीप पुजारा ने कहा कि इन दिनों घाटी में सब्जियों का सीजन जोरों पर है। ऐसे में सड़क जल्द बहाल नहीं हुई तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि बादल फटने से सड़क का एक बड़ा हिस्सा बह गया है। प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। सड़क बहाली के प्रयास किए जा रहे हैं। बादल फटने से जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।
इन दिनों क्षेत्र में फूलगोभी और मटर का सीजन चल रहा है। सड़क बंद होने के कारण किसानों की उपज समय पर मंडियों तक नहीं पहुंच पा रही है। किसान प्रेमजीत और अमर ने बताया कि मार्ग बाधित होने से व्यापारियों ने सब्जियों के दाम कम कर दिए हैं। इससे किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। लोक निर्माण विभाग चिनाब मंडल के अधिशासी अभियंता अश्वनी गुलेरिया ने कहा कि सूचना मिलने के बाद विभाग ने मौके पर मशीनें तैनात कर दी। सड़क को जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल करने के प्रयास जारी हैं।
0000