बंजार (कुल्लू)। राजकीय महाविद्यालय बंजार में मंगलवार को एनसीसी यूनिट ने स्वभाव स्वच्छता और संस्कार स्वच्छता थीम पर कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें प्राचार्य डॉ. रेणुका थपलियाल भी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि आसपास की सफाई ही नहीं, बल्कि हमारे व्यवहार और मूल्यों में भी स्वच्छता होनी चाहिए।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पोस्टर और नारा लेखन रहा। इसमें विद्यार्थियों ने सफाई और जिम्मेदार आदतों को बढ़ावा देने के लिए अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राजनीतिक शास्त्र के सहायक आचार्य डॉ. सुरेंद्र सिंह रहे। उन्होंने कैडेट्स को बताया कि स्वभाव स्वच्छता और संस्कार स्वच्छता पर्यावरण संरक्षण के लिए अत्यंत आवश्यक है। इन सिद्धांतों को हमें अपने दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए। संवाद