पर्यटन नगरी मनाली को साफ सुथरा और स्वच्छ बनाने के लिए विभिन्न संस्थाओं ने रविवार को शहर में संयुक्त स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान एसडीएम मनाली खुद बस अड्डे पर सफाई करने पहुंची। जहां उन्होंने पाया कि आसपास दुकानें और ढाबे चला रहे कारोबारी भी बस अड्डे को गंदा करने में काफी हद तक जिम्मेदार हैं।
एसडीएम मनाली ज्योति राणा ने कहा कि बस अड्डे के आसपास जो भी कारोबारी कारोबार कर रहे हैं, उन्होंने अगर खुले में गंदगी डाली तो उनके लाइसेंस रद्द कर दिए जाएंगे। उसके लिए कारोबारियों को किसी प्रकार का नोटिस जारी नहीं किया जाएगा। ऐसे में उन्होंने सफाई अभियान के बाद सभी कारोबारियों को कड़े आदेश जारी किए हैं कि अगर फिर से गंदगी फैलाई तो लाइसेंस रद कर दिया जाएगा।
वहीं उन्होंने बस अड्डा प्रभारी को भी निर्देश दिए हैं कि वह हर तीन दिन में बस अड्डे का निरीक्षण करेंगी अगर फिर से गंदगी पाई गई तो कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं, पर्यटन नगरी मनाली को साफ सुथरा और स्वच्छ बनाने के लिए विभिन्न संस्थाओं ने शहर में संयुक्त स्वच्छता अभियान चलाया।
अभियान की अध्यक्षता एसडीएम मनाली ज्योति राणा ने की। इस दौरान बस स्टैंड मनाली सहित आसपास के क्षेत्रों को साफ किया गया। एसडीएम मनाली ने कहा कि लोग स्वच्छता को जीवन शैली बनाएं। आसपास के क्षेत्रों में गंदगी न फैलने दें।
दुकानदार अपनी दुकान के आगे, जबकि घर वाला अपने घर के आगे सफाई को लेकर गंभीरता दिखाए। सफाई को दिनचर्या का हिस्सा बनाते हुए शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग दें। जल्द ही मनाली के साथ लगती पंचायतों के प्रधानों के साथ बैठक की जाएगी। स्वच्छता के प्रति उनकी सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। जो पंचायतें सफाई के प्रति गंभीरता नहीं दिखाएंगी, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे।
नप अध्यक्ष शबनम तनवर ने कहा कि प्रथम अप्रैल से माल रोड में डिस्पोजल कप-गिलासों पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। जिस दुकानदार और मकान मालिक के घरों के आगे कूड़ा दिखेगा, उन पर ही कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मनाली को स्वच्छ और सुंदर बनाने में नप का सहयोग दें। इस अवसर पर नप के कार्यकारी अधिकारी मोहिंद्र ठाकुर, उपाध्यक्ष जोगिंद्र, वार्ड सदस्य नीना ठाकुर, वार्ड सदस्य सुनीता शर्मा, मनाली निवासी रूप चंद ठाकुर, शेर सिंह यांबा आदि मौजूद रहे।