लारजी (कुल्लू)। राजकीय महाविद्यालय सैंज के विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं अब 31 अगस्त से प्राथमिक विद्यालय सैंज के भवन में लगेंगी। महाविद्यालय को अस्थायी तौर पर इस भवन में शिफ्ट किया जा रहा है।
इन दिनों कॉलेज का सामान नए भवन में पहुंचाया जा रहा है। महाविद्यालय को वर्ष 2016 में शुरू होने के बाद से अब तक अपना भवन नहीं मिल पाया है।
वर्तमान में इसकी कक्षाएं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सैंज के भवन में चल रही थीं। कमरों की कमी के कारण विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद गतिविधियों के अभ्यास में भी परेशानी होती थी।
अब प्राथमिक विद्यालय के भवन में कक्षाएं शुरू होने से विद्यार्थियों को पर्याप्त जगह मिलेगी और पढ़ाई व खेल गतिविधियों में आ रही दिक्कतों से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, यह व्यवस्था अस्थायी है और महाविद्यालय को अभी भी अपने स्थायी भवन का इंतजार है।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुजाता ने बताया कि इन दिनों महाविद्यालय का सामान नए भवन में शिफ्ट किया जा रहा है। 31 अगस्त से विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं इसी भवन में संचालित की जाएंगी।