केलांग (लाहौल-स्पीति)। अटल टनल खुलने के बाद मिनी ट्रक और जीप यूनियन ने भी केलांग-कुल्लू-मंडी जिले के बीच माल भाड़े में दो हजार रुपये तक की कटौती करने का एलान किया है। केलांग में रविवार को घेपन मिनी ट्रक एंड जीप यूनियन की बैठक यूनियन के प्रधान अनिल शाशनी की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में केलांग और कुल्लू के बीच भाड़े में कटौती करने का यूनियन के सदस्यों ने फैसला लिया है। अध्यक्ष अनिल शाशनी ने कहा कि टनल के वाहनों के लिए खुलने के उपरांत अब केलांग से टकोली के बीच मालवाहक वाहनों के भाड़े में दो हजार रुपये की कटौती की गई है। उन्होंने कहा कि अब जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के किसानों-बागवानों को सब्जी और अन्य फसलों का मालवाहक भाड़ा नौ हजार रुपये देना होगा। पूर्व में केलांग-टकोली के बीच का मालवाहक वाहनों का भाड़ा 11 हजार रुपये था। इसी प्रकार केलांग से टकोली के बीच जीप का भाड़ा छह हजार रुपये किया गया है। इससे पहले यह भाड़ा सात हजार रुपये था। इसी तरह केलांग से मनाली के बीच जीप भाड़ा चार हजार, केलांग से कुल्लू पांच हजार, केलांग से भुंतर तक 5500 रुपये भाड़ा रहेगा। मिनी ट्रक का केलांग-मनाली तक छह हजार, केलांग-कुल्लू सात हजार और केलांग-भुंतर के बीच आठ हजार रुपये भाड़ा निर्धारित किया गया है। बैठक में यूनियन के सचिव अजय, अड्डा प्रभारी विनोद, कोषाध्यक्ष सुनील आदि मौजूद रहे।