न्यूली (कुल्लू)। जिला कुल्लू में सैंज घाटी की ग्राम पंचायत गाड़ापारली के अंतर्गत बरकशन से शुगाड़ के लिए तीन किलोमीटर पैदल रास्ते का निर्माण किया जाएगा। लोगों को अब छह किलोमीटर लंबे और जोखिम भरे रास्ते से निजात मिलेगी। रास्ते की दूरी अब कम होकर तीन किलोमीटर ही रह जाएगी।
सरकार ने नए रास्ते के लिए चार लाख रुपये की राशि मंजूर कर दी है। लोग कई सालों से रास्ते बनाने की मांग कर रहे थे। पंचायत गाड़ापारली के प्रधान भाग चंद, उप प्रधान गोपाल चंद, बीडीसी सदस्य जयबंती देवी, डोला सिंह, हीरा चंद, तीर्थ राम, शेर सिंह राणा, मोती राम, रोशन लाल, हीरा लाल तथा गोविंद राम का कहना है कि इस मामले को ग्रामीणों ने कई बार सरकार व प्रशासन के समक्ष रखा था। लेकिन मंजूरी अब जाकर मिली। उन्होंने कहा कि ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क की ओर से दी गई चार लाख की मंजूरी से अब क्षेत्र के लोगों को आरामदायक रास्ते की सुविधा मिलेगी। ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के निदेशक अजीत ठाकुर ने कहा है कि शुगाड़, शाक्टी तथा मरोड़ के लिए पर्यटक घूमने आते हैं। उन्होंने कहा है कि रास्ता निर्माण के लिए पार्क प्रबंधक ने राशि की मंजूरी दे दी है।