कुल्लू। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू 21 अक्तूबर को कुल्लू के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वह ढालपुर में जिले के आपदा प्रभावित 4,700 परिवारों को राहत राशि प्रदान करेंगे। सरकार यह राशि आपदा राहत पैकेज के तहत देगी। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राजीव किमटा ने कहा कि सीएम 21 अक्तूबर को जिले के दौरे पर रहेंगे।
जिले में जुलाई और अगस्त में आई आपदा से हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। जिले के मनाली, भुंतर, सैंज, मणिकर्ण और आनी में भारी तबाही हुई है। बंजार की तीर्थन घाटी में अभी 15 परिवार अपने घरों को छोड़कर पहाड़ी पर टेंटों में गुजर बसर कर रहे हैं। ब्यास के रौद्र रूप ने कुल्लू-मनाली के बीच करीब 4,500 मीटर तक हाईवे का नामोनिशान ही मिटा दिया है।
इसकी जगह एनएचएआई ने अस्थायी मार्ग बनाया है। बरसात से जिले में लगभग 4,700 परिवारों का जनजीवन पूरी तरह से अस्तव्यस्त हुआ है। आठ जुलाई से लेकर अगस्त तक जिले में आपदा से 565 घर पूरी तरह से तहस नहस हुए हैं। 2,439 घरों को आंशिक रूप से नुकसान हुआ है। आपदा की चपेट में 559 गोशालाएं, 570 व्यावसायिक परिसर, 800 परिवारों की कृषि एवं बागवानी योग्य 1,850 बीघा जमीन भूस्खलन से तबाह हुई है।
अब जिले के इन हजारों लोगों को मुख्यमंत्री के कुल्लू दौरे से बड़ी उम्मीदें हैं। इन प्रभावितों को सरकार की ओर से घोषित 4,500 करोड़ के आपदा राहत पैकेज से नई नियमों के आधार पर मदद दी जाएगी। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। संवाद