मनाली (कुल्लू)। मनाली में दो जनवरी से मनाए जाने 11वें राष्ट्रीय स्तर के विंटर कार्निवाल की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को बैठक हुई। विधायक भुवनेश्वर गौड़ की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न विभागीय अधिकारियों और आयोजन समिति के सदस्यों ने भाग लिया।
विधायक ने कहा कि कार्निवाल में पर्यटकों को आकर्षित करने, स्थानीय संस्कृति एवं पारंपरिक व्यंजनों तथा शीतकालीन खेलों को बढ़ावा देने के लिए शरदोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्निवाल-2023 का शुभारंभ मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू करेंगे। इस दौरान सभी समितियों एवं उप समितियों की और से अपने-अपने कार्यों के बारे में अवगत करवाया गया।
कहा कि मुख्यमंत्री दो जनवरी को सुबह हिडिंबा माता की पूजा के साथ इस कार्निवाल का शुभारंभ करेंगे। बाद में स्थानीय झांकियों को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। वहीं रामबाग चौक में पारंपरिक कुल्लवी नृत्य में शामिल होंगे। इसके पश्चात मनु रंगशाला में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी शुभारंभ किया जाएगा।
बर्फ पड़ने की स्थिति में सड़कों को सही समय पर बहाल करने की व्यवस्था भी संबंधित विभाग द्वारा की जाए। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा, एडीएम प्रशांत सरकेक, सहायक आयुक्त शशिपाल नेगी, एसडीएम मनाली सुरेंद्र ठाकुर, जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुनैना शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।