23 मई को मनाई जाएगी बुद्ध जयंती, झांकी भी निकलेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय के साथ लगते बदाह स्थित गोंपा में बुद्ध जयंती के आयोजन को लेकर मंगलवार को एक बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता बदाह गोंपा सोसायटी के अध्यक्ष नोरबू बरोगंपा ने की। बैठक में कार्यकारिणी पदाधिकारियों के साथ महिला मंडलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। बदाह गोंपा में 23 मई को बुद्ध जयंती समारोह मनाया जाएगा। बुद्ध जयंती समारोह में बदाह गोंपा के रिगजिन मुख्य अतिथि होंगे।
नाेरबू ने कहा कि सुबह गोंपा में समस्त प्राणी जगत के कल्याण के लिए छोग-गण पूजा होगी। पूजा के लिए शाढ़ाबाई गोंपा से लामागण आएंगे। छोग-गण पूजा के बाद महात्मा बुद्ध की प्रतिमा के दर्शन और महा पावन ग्रंथ कंज्ञुर के पोथियों के दर्शन के लिए एक झांकी निकाली जाएगी। कार्यक्रम में भोटी स्कूल बटाहर बिहाली के बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे। बुद्ध जयंती समारोह में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है। संवाद