राकेश रेडर और तुषार बने सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर
नववर्ष पर ढालपुर में करवाई कबड्डी स्पर्धा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू स्थित खेल मैदान में कबड्डी प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें कबड्डी की 20 से अधिक टीमों के खिलाड़ियों ने मैदान में दमखम दिखाया। शनिवार को खेल मैदान कुल्लू में प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए।
सेमीफाइनल मैचों में पहुंचीं टीमों ने फाइनल में प्रवेश कर विजेता का खिताब पाने के लिए मैदान में खूब जोर आजमाइश की।
कबड्डी प्रतियोगिता के दूसरे और अंतिम दिन दो मैच खेले गए। पहला सेमीफाइनल में छेती और नारायण बॉयज के बीच खेला गया। यह मैच एकतरफा रहा। छेती बॉयज ने नारायण बॉयज के खिलाड़ियों को मैच में वापसी का मौका नहीं दिया। मैच पर छेती बॉयज ने एकतरफा कब्जा किया।
इसके बाद फाइनल खेला गया। फाइनल में छेती बॉयज और सेउबाग (काईस) के बीच खेला गया। मुकाबला अंत तक रोचक बना रहा, लेकिन छेती बॉयज ने सेउबाग को हराकर प्रतियोगिता के विजेता का खिताब अपने नाम किया। दो दिन तक चली प्रतियोगिता में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब अर्जुन कुमार, सर्वश्रेष्ठ रेडर राकेश और सर्वश्रेष्ठ का खिताब डिफेंडर तुषार को मिला। कोच चत्तर सिंह और आयोजक अनु गुलजार ने कहा कि नववर्ष के चलते ढालपुर में कबड्डी प्रतियोगिता करवाई गई। पुरुष वर्ग की इस प्रतियोगिता में छेती बॉयज टीम विजेता बनी। संवाद