बंजार (कुल्लू)। पुलिस ने उपमंडल बंजार में 4.600 किलो चरस के साथ पंजाब के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। शिवरात्रि के अवसर पर ये आरोपी चरस की खेप को इधर-उधर करने वाले थे। लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच कर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हेड कांस्टेबल समीर कुमार के नेतृत्व में एएचसी मेहर चंद, कांस्टेबल विजय, होमगार्ड कृष्ण लाल समेत टीम फागू पुल के पास नाका लगाए बैठी थी। इस दौरान बंजार से औट की तरफ आ रही कार पीबी 48डी- 8213 को तलाशी के रोका गया। कार में बैठे पंजाब के तीन युवक पुलिस को देख कर घबरा गए। जब पुलिस ने कार की तलाशी ली तो गुलशन कुमार (37), पुत्र प्रेम लाल निवासी इस्लामाबाद, तहसील व जिला होशियारपुर, पंजाब, मनीष शर्मा (32) पुत्र महेंद्र पाल निवासी नई आबादी दशहरा ग्राउंड होशियारपुर, पंजाब, साहिल बाटा (23) पुत्र प्रदीप कुमार निवासी सुखियाबाद होशियारपुर, पंजाब के कब्जे से 4.600 किलो चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया। उधर, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि की है। कहा कि चरस के साथ पंजाब के तीन युवकों को पकड़ा है। उन्होंने कहा कि आरोपियों से कड़ी पूछताछ चल रही है। उन्होंने चरस की यह खेप कहां से लाई थी और इसे कहां पर बेचा जाना था, के बारे में पता लगाया जा रहा है। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।