हाई स्कूल चंसारी का भवन के पीछे हो रहा भूस्खलन, जिससे यहां पर बड़ा हादसा हो सकता है
कुल्लू। शिक्षा विभाग बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हुए स्कूलों का विकल्प तलाशने में जुट गया है। दो अगस्त से कुल्लू जिले में स्कूल खुलेंगे। खराहल घाटी का हाई स्कूल चंसारी अब निजी भवन में चलेगा।
स्कूल प्रबंधन की ओर से पांच कमरों वाले निजी भवन में कक्षाएं लगाने की व्यवस्था की गई है। स्कूल प्रबंधन की ओर से शिक्षा उपनिदेशक को पत्र सौंपकर अनुमति मांगी थी जिसकी अनुमति मिल गई है।
भवन मालिक के साथ होने वाली औपचारिकताएं भी स्कूल प्रबंधन पूरी कर रहा है। हाई स्कूल चंसारी का भवन जुलाई के दूसरे सप्ताह में हुई बारिश के चलते भूस्खलन की जद में आया था।
भवन में अब कक्षाओं को संचालित करना खतरे से खाली नहीं है। किसी भी समय यहां पर बच्चों के साथ हादसा पेश आ सकता है। इसको देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने समय रहते हाई स्कूल की कक्षाओं को सुरक्षित जगहों में लगाने का फैसला लिया है। हाई स्कूल चंसारी में छठी से लेकर दसवीं कक्षा तक कुल 116 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
खराहल घाटी के गांव पेच्छा, थर्कु, माहिश, चंसारी, धार्ठ, बंदल, हलैणी आदि गांवों के बच्चे इस स्कूल में पढ़ते हैं। चंसारी स्कूल के मुख्याध्यापक सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि दो अगस्त से स्कूल खुलने पर हाई स्कूल की कक्षाएं निजी भवन में लगाई जाएंगी। निजी भवन में पांच कमरों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि स्कूल भवन बारिश के बाद असुरक्षित हो गया है। निजी भवन में कक्षाएं लगाने की विभाग से अनुमति मिल गई है। संवाद