मरम्मत कार्य पूर्ण होने तक वैकल्पिक मार्ग से आवागमन
उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस रवीश ने जारी किए आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यूली (कुल्लू)। जिला प्रशासन ने लारजी-सैंज सड़क के मरम्मत एवं पुनर्स्थापन कार्य और लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था में अस्थायी परिवर्तन किया है।
उपमंडल अधिकारी बंजार की रिपोर्ट के अनुसार चार दिसंबर को पुलिस, एनएच-लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग तथा एनएचपीसी चरण-तीन के अधिकारियों के साथ बैठक में पाया गया था कि लारजी-सैंज सड़क की वर्तमान स्थिति सुचारू एवं सुरक्षित यातायात के लिए उपयुक्त नहीं है। सड़क की खराब स्थिति से आम जनता की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। इसी के मद्देनजर उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आदेश जारी किए हैं कि लारजी से बिहाली खड्ड पर सैंज नदी के बाएं तट (लेफ्ट बैंक) सड़क से सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही को मरम्मत एवं पुनर्स्थापन कार्य पूर्ण होने तक सैंज नदी के दाएं तट (राइट बैंक) की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यह आदेश आपातकालीन वाहनों पर लागू नहीं होगा। आदेश के अनुसार एनएच-एचपीपीडब्ल्यूडी बंजार के अधिशासी अभियंता को आम जनता की जानकारी के लिए आवश्यक सूचना पट्ट एवं साइन बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक को प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन एवं आदेशों के सख्ती से क्रियान्वयन के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।