नग्गर (कुल्लू)। अंतरराष्ट्रीय रोरिक मेमोरियल नग्गर में रविवार को गुजरात के प्रसिद्ध कलाकार चंद्रशेखर पाटिल की कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का आयोजन गुजरात राज्य ललित कला अकादमी और शुभारंभ इंटरनेशनल सेंटर ऑफ रोरिक्स मॉस्को से आए सांस्कृतिक दल की प्रमुख नादे-हजयदा कोब्जीस्तोवा ने किया। अंतरराष्ट्रीय रोरिक मेमोरियल ट्रस्ट नग्गर में इन दिनों इंडो-रशियन उत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
कलाकार चंद्रशेखर पाटिल की कला में प्रकृति और वस्तुओं के प्रति गहरा जुड़ाव दिखाई देता है। म्यूरल कला, म्यूजियोलॉजी, सांस्कृतिक संपदा का संरक्षण एवं पुनर्स्थापना, टैक्सिडर्मी तथा कई अन्य क्षेत्रों से भी उनका जुड़ाव रहा है। प्रदर्शनी के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर की रूसी चित्रकार एलीना याकोवलेवा, रूसी मेहमान, रूसी क्यूरेटर सहायक दमित्री सुरगिन, अमरजीत, विदेशी और भारतीय पर्यटक मौजूद रहे। संवाद