कुल्लू। पुलिस ने आईटीएमएस (इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) से यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने व कुल्लू शहर में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कड़ा शिकंजा कस दिया है। इस सिस्टम के तहत पुलिस ने अभी तक 228 वाहन चालकों के चालान किए। एएनपीआर सीसीटीवी कैमरों से ओवरस्पीड पर 176 चालान, बिना हेलमेट और तीन लोगों के एकसाथ बाइक सवारी करने पर 52 चालान किए।
पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों का कैमरों से पता लगाया। वाहनों की नंबर प्लेट रिकॉर्ड कर उसकी फोटो, उस दिन की तारीख व समय के साथ चालान को चालक के पते पर भेजा। इसमें 67 चालकों से 22,400 रुपये जुर्माना भी वसूला गया है। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि इस सिस्टम से बिगड़ैल चालकों की तेज रफ्तार, तेज गति से बाइक चलाना, बाइक स्टंट, हिट एंड रन व चेन स्नेचिंग जैसी घटनाओं पर 24 घंटे नजर रहती है। कैमरों की गुणवत्ता अच्छी होने से रात के समय में भी फोटो ठीक आ जाती है। वन, परिवहन व युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने शनिवार को कुल्लू पुलिस मुख्यालय का दौरा किया। उन्होंने विशेषकर पुलिस की ओर से स्थापित इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) का निरीक्षण किया और इसके बारे में बारीकी से जानकारी हासिल की। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि यातायात के नियमों को तोड़ने वालों के चालान एएनपीआर से काटे जा रहे हैं। वन मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा कि इस अत्याधुनिक प्रणाली को प्रदेश के अन्य जिलों में भी स्थापित करने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बात की जाएगी।