बिना अनुमति हॉट एयर बैलून के संचालन पर केस दर्ज
मनाली के पर्यटक सूचना अधिकारी ने दी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। नेशनल हाईवे-3 में कुल्लू और मनाली के बीच पड़ने वाले 16 मील में बिना अनुमति हॉट एयर बैलून चलाने का मामला सामने आया है। अब पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस को पर्यटक सूचना अधिकारी मनाली की ओर से शिकायत दी गई है। पुलिस को दिए शिकायत पत्र में पर्यटक सूचना अधिकारी मनाली की ओर से कहा गया है कि 16 मील में एक निजी एडवेंचर कंपनी की ओर से हॉट एयर बैलून का संचालन किया जा रहा है जबकि इसका एडवेंचर कंपनी के पास पंजीकरण भी नहीं है। बिना अनुमति के हॉट एयर बैलून का संचालन पर्यटकों की जान से भी खिलवाड़ है। विभाग की ओर से पुलिस से मांग की गई कि नियमों के तहत मामले में कार्रवाई अमल में लाई जाए। एसपी डॉ. कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन ने कहा कि पुलिस ने आईपीसी की धारा 336 के तहत मामला दर्ज किया है।