बाहु के तलायटु मोड़ के पास हादसा, घायल कुल्लू अस्पताल में भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। उपमंडल बंजार में बाहु के तलायटु मोड़ के पास एक कार खाई में गिर गई। हादसे में वाहन चालक घायल हुआ है। बुधवार देर रात को यह हादसा पेश आया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल को खाई से निकालकर उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार जिभी गाड़ागुशैणी सड़क पर टेक सिंह निवासी गांव लुसल, डाकघर तांदी, तहसील बंजार बाहू के समीप पहुंचे तो कार अनियंत्रित होकर तलायटु मोड़ पर सड़क से करीब 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क में ब्लैक स्पॉट पर रेलिंग लगाने और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव चौहान ने कहा कि पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।