वर्ल्ड बैंक खर्च करेगा राशि, पर्यटन विकास निगम करवाएगा कायाकल्प
रायसन कैंपिंग साइट का जीर्णोद्धार होने से बढ़ेगी निगम की आय
संजय ठाकुर
पतलीकूहल (कुल्लू)। कुल्लू-मनाली के मध्य आने वाली रायसन कैंपिंग साइट का जीर्णोद्धार होगा। इस साइट पर वर्ल्ड बैंक 20 करोड़ रुपये की राशि खर्च करेगा।
पर्यटन विकास निगम को करोड़ों की आय देने वाली इस साइट को 2018 में ब्यास नदी में आई बाढ़ से भारी नुकसान पहुंचा था। साल 2023 और 2024 की बाढ़ ने इसको और भी तबाह कर दिया।
वर्षों तक पर्यटन विकास निगम को करोड़ों कमाकर देने वाली रायसन कैंपिंग साइट की निगम को फिर याद आ गई है। लिहाजा, इसका कायाकल्प करने की योजना पर काम शुरू कर दिया है।
वर्ल्ड बैंक की मदद से 20 करोड़ रुपये की लागत से इस साइट को आधुनिक सुविधाओं से लेस किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट को सिरे चढ़ाने के लिए पर्यटन विभाग भी गंभीर हो गया है।
इस जगह को पर्यटन विभाग ने अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान मनाली के विशेषज्ञों से कुछ दिन पहले सर्वे करवाया है। मनाली में तैनात पर्यटन विकास निगम के डीजीएम बीएस ओकटा ने सर्वे करवाने की पुष्टि की है। कहा कि पर्वतारोहण संस्थान के सर्वे की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जानकारों का मानना है कि रायसन के समीप कैंपिंग साइट में करोड़ों की जमीन धूल फांक रही है। यदि ब्यास नदी की ओर आरसीसी की सुरक्षा दीवार लगाकर इसकी सुरक्षा को सुनिश्चित किया जाता है तो नशेड़ियों का अड्डा बन चुकी कैंपिंग साइट का कायाकल्प होगा।
इससे जहां मंदी की मार झेल रहे पर्यटन विकास निगम का आय में इजाफा होगा, वहीं बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। पर्वतारोहण संस्थान मनाली का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे एसडीएम मनाली रमण शर्मा ने बताया कि कैंपिंग साइट के सर्वे का विश्लेषण कर रिपोर्ट भेजी जाएगी।