मनाली बस स्टैंड के समीप साफ किया कूड़ा फेंकने की डंपिंग साइट।-संवाद
मनाली। नगर परिषद मनाली की नवनिर्वाचित अध्यक्ष चंद्रा पधान ने कार्यभार संभालते ही शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। परिषद ने सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए जुर्माना लगाने की चेतावनी दी है। साथ ही शहर में बने अनधिकृत डंपिंग स्थलों को बंद करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
नगर परिषद ने शहर में कचरा डंप करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे स्थलों की सफाई करवा दी है। परिषद ने स्पष्ट किया है कि इन स्थानों पर दोबारा कूड़ा फेंकते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति का चालान किया जाएगा।
नगर परिषद अध्यक्ष चंद्रा पधान ने बताया कि बस स्टैंड के समीप स्थित डंपिंग साइट को बंद कर दिया गया है। मिशन अस्पताल मार्ग और गोंपा रोड पर बनी अस्थायी डंपिंग साइटों को भी जल्द बंद किया जाएगा। इन स्थानों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कैमरों में कूड़ा फेंकते हुए पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उधर, रांगड़ी स्थित गोसदन में स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के लिए वहां रखे गए मवेशियों को मढ़ी चरागाह शिफ्ट कर दिया है। अब गोसदन में व्यापक स्तर पर सफाई और रखरखाव का कार्य किया जाएगा। नगर परिषद की अध्यक्ष चंद्रा पधान ने कहा कि मनाली प्रदेश का प्रमुख पर्यटन स्थल है। इसकी स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ नागरिकों और व्यापारियों की भी साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालने और नगर परिषद के स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की। संवाद