पीपल जातर के लिए जुटने लगे कारोबारी
28 से शुरू होगा मेला, सजेगी अस्थायी मार्केट
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। मिनी दशहरा के नाम से विख्यात पीपल जातर मेले के लिए दूसरे राज्यों से व्यापारी पहुंचना शुरू हो गए हैं। पीपल जातर मेला 28 अप्रैल से शुरू होगा, जबकि 30 अप्रैल को मेले का समापन होगा। मेले में अस्थायी मार्केट सजेगी। मेले में 500 से अधिक दुकानें सजाई जाएंगी। करीब तीन सप्ताह तक ढालपुर मैदान में मेले का आयोजन किया जाएगा। नगर परिषद ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
नगर परिषद कुल्लू पीपल जातर मेले का आयोजन करती है। प्लॉट आवंटन का कार्य भी नगर परिषद की ओर से किया जाता है। इससे नगर परिषद को आय प्राप्त होती है। नगर परिषद ने पिछले दिनों ही डोम के लिए टेंडर लगाए थे। ढालपुर में सजने वाली मार्केट में कुल्लू, लाहौल-स्पीति और मंडी के सीमांत क्षेत्रों के लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। पीपल जातर मेले में हर साल करोड़ों का कारोबार होता हैं। खास बात यह है कि लोगों को अस्थायी मार्केट में सामान बाजार से 50 फीसदी सस्ता मिलता है। सामान सस्ता होने के चलते यहां खरीदारों की भीड़ उमड़ती है।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने कहा कि पीपल जातर के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जा रही हैं। इसके बाद प्लॉॅट आवंटन किया जाएगा।