बसों की आवाजाही से उदयपुर और पांगी के लोगों को मिली राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। जाहलमा नाले की अस्थायी सड़क पर नौ दिन बाद शनिवार से निगम की बसें फिर से शुरू हो गई हैं। सीमा सड़क संगठन ने शुक्रवार को नाले में आरसीसी के पाइप डालकर सड़क बड़े वाहनों के लिए बहाल कर दी है। अब बस सेवा शुरू होने से उदयुपर के साथ पांगी के लोगों को राहत मिली है।
नाले में लगातार जलस्तर बढ़ने से बीआरओ ने एहतियातन यहां पर जवानों के साथ मशीनरी और कामगारों के साथ तैनात किया है। जलस्तर बढ़ते ही जवान सड़क को बहाल करने में जुट जाते हैं। इससे पहले आठ दिन तक नाले में आरपार फंसे ट्रकाें को भी शुक्रवार को ही निकाल दिया है। अब बीआरओ ने नाले से गुजरने वाली अस्थायी सड़क से निगम की बसों को चलाने की भी अनुमति दी है। इसके बाद केलांग डिपो ने बसों को केलांग से सीधी उदयपुर व अन्य रूटों से लिए भेजा गया है। अभी तक आठ बसों को नाले के दोनों मुहानों तक चलाया जा रहा था।
एचआरटीसी केलांग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक अंचित शर्मा ने बताया कि जाहलमा नाले की अस्थायी सड़क से दोबारा बस संचालन शुरू हो गया है। कहा कि जाहलमा नाले में निर्माणाधीन पुल बनने और यहां से सड़क की स्थिति ठीक रहने पर बसों की आवाजाही इसी सड़क से होकर होगी।