दिसंबर से बंद चल रही मयाड़ घाटी की सड़क
संवाद न्यूज एजेंसी
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के कई इलाकों में अभी बस सेवा शुरू नहीं हो पाई है। इससे लोगों को पहले मीलों पैदल चलना पड़ रहा है। उसके बाद टैक्सियों में उपमंडल और जिला मुख्यालय पहुंचना पड़ रहा है। वीरवार को एचआरटीसी केलांग ने मयाड़ घाटी के खंजर गांव के लिए बस का ट्रायल किया, लेकिन सफल नहीं हो पाया है।
तिंगरेट और चिमरेट पंचायतों को जोड़ने वाली उदयपुर-खंजर सड़क पर बस का ट्रायल लोगों के कहने पर किया गया। इसमें कामयाबी नहीं मिल पाई है। मयाड़ घाटी को जोड़ने वाली सड़क दिसंबर से बंद है। इस सर्दी में घाटी में अधिक बर्फबारी से मयाड़ सड़क को लोक निर्माण विभाग ने देरी से खोला है। इसको बहाल करने में विभाग को दो से तीन नालों पर गिरे हिमखंड को हटाने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ा है।
केलांग वार्ड के जिप सदस्य कुंगा बौद्ध ने लोक निर्माण विभाग से सड़क को दुरुस्त करने का आग्रह किया है। लोक निर्माण विभाग के अड्डा प्रभारी भोला ने बताया कि कुछ जगह सड़क में डंगे लगने हैं और कुछ नालों में सड़क की चौड़ाई कम है l सड़क के चौड़ा होने पर इसका निरीक्षण कर बस का फिर से ट्रायल किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता पवन राणा ने कहा कि जिन जगहों पर सड़क तंग और खराब है उन जगहों पर ठीक किया जाएगा। संवाद