आपदा के बाद सड़क की खस्ता हालत के कारण बंद हुई भुंतर-नरोगी निगम बस सेवा दोबारा शुरू हो गई है।-स
भुंतर (कुल्लू)। करीब एक साल से बस सेवा का इंतजार कर रहे नरोगी के ग्रामीणों को आखिरकार राहत मिल गई। आपदा के बाद सड़क की खस्ता हालत के कारण बंद हुई भुंतर-नरोगी रूट पर निगम की बस सेवा बुधवार को बहाल हो गई है। बस के नरोगी पहुंचते ही ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के चेहरों पर खुशी नजर आई। बस सेवा बंद होने से ग्रामीणों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और रोजमर्रा के काम से भुंतर आने-जाने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। जरूरी काम के लिए लोगों को महंगी टैक्सियों का सहारा लेना पड़ रहा था। इससे लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा था। शिलिहार पंचायत की प्रधान समित्रा देवी के लगातार प्रयासों और लोक निर्माण विभाग के साथ बेहतर समन्वय के बाद सड़क की स्थिति में सुधार हुआ। इसके बाद हिमाचल पथ परिवहन निगम ने बस सेवा बहाल कर दी। प्रधान समित्रा देवी ने बताया कि नई समयसारिणी के अनुसार नरोगी से भुंतर के लिए बस सुबह 8:10 बजे रवाना होगी। वहीं, भुंतर से नरोगी के लिए बस शाम पांच बजे चलेगी। ग्रामीणों ने कहा कि बस सेवा उनके लिए केवल यातायात का साधन नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी की अहम जरूरत है। बस सेवा बहाल होने से आवाजाही आसान होगी और टैक्सियों पर होने वाला अतिरिक्त खर्च भी बचेगा। ग्रामीणों ने बस सेवा बहाल करवाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने हिमाचल पथ परिवहन निगम और लोक निर्माण विभाग का आभार जताया।