कुल्लू। मनाली से पठानकोट जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस कुल्लू के बाशिंग में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस में चालक, परिचालक सहित छह लोग सवार थे। सभी घायल हुए हैं। घायलाें को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लाया गया जहां उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 6 बजे पेश आया। एचआरटीसी की बस (एचपी-38-9738) मनाली से पठानकोट की ओर जा रही थी कि बाशिंग मोड़ के पास अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। यह बस मनाली से करीब पांच बजे रवाना हुई थी।
घायलों में श्याम लाल (45) पुत्र लाला राम, निवासी बशकोला, डाकघर कटराईं जिला कुल्लू, कृष्ण थापा (42) पुत्र इमान थापा, निवासी एवं डाकघर बंदरोल, जिला कुल्लू, छाया देवी (25) पत्नी राकेश कुमार, निवासी गांव कुठेड़, डाकघर सिहुंता तथा राकेश कुमार (31) पुत्र सरदारी लाल, निवासी गांव कुठेड़, डाकघर सिहुंता शामिल हैं।
बस चालक मनमोहन सिंह (42) पुत्र जोगिंदर सिंह, निवासी गांव भुट, डाकघर खरोटा, तहसील चवाड़ी, जिला कांगड़ा और परिचालक प्रवीण सिंह (46) पुत्र लाभ सिंह, निवासी गांव खन्नी, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा को भी चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार सभी घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में उपचार के लिए भर्ती किया गया है।
चालक मनमोहन सिंह ने बताया कि बाशिंग के पास मोड़ पर अचानक ब्रेक नहीं लगा। बस को नियंत्रित करने की पूरी कोशिश की। इस बीच एक वोल्वो और तीन-चार छोटे वाहनों को भी बचाने का प्रयास किया लेकिन बस अनियंत्रित होकर पलट गई। उधर, पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक सेकर ने बताया कि मामले में पुलिस जांच कर रही है। संवाद