कुल्लू। जिले में सेब के पौधों में इस समय भरपूर फूल खिल गए हैं। खराहल, पार्वती घाटी, सैंज, बंजार और ऊझी घाटी में फूलों की बहार के चलते नजारा पूरी तरह फूलों की घाटी जैसा दिख रहा है। खिले फूल देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी खूब भा रहे हैं, जबकि बगीचों में उनकी महक सबको अपनी ओर आकर्षित कर रही है। बागवानों को इस बार बेहतर फसल की उम्मीद है।
जिले के निचले क्षेत्रों में फूल थोड़े पहले खिल गए थे, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फ्लावरिंग अब चरम पर है। पौधों में फूलों की सेटिंग की प्रक्रिया भी साथ-साथ चल रही है। निचले क्षेत्रों की पहले चरण की फ्लावरिंग अब अंतिम दौर में है। बागवान गेहर सिंह, अमरनाथ और वीर सिंह ने कहा कि घाटी में चारों ओर खिले फूलों का नजारा बेहद मनमोहक है। पर्यटक इसे निहारते हुए आनंदित हो रहे हैं। हालांकि बारिश के कारण कुछ फूल क्षतिग्रस्त हुए हैं, फिर भी बागवानों को अच्छी फसल की उम्मीद है।
कुल्लू सदर सब्जी एवं फल उत्पादक संगठन के महासचिव सुनील राणा ने कहा कि अब सभी की नजरें मौसम पर टिकी हुई हैं। मौसम का साफ और अनुकूल रहना बेहद जरूरी है। अगर ऐसा रहा तो इस बार बंपर फसल होने की संभावना है।
जिले में करीब 30,000 हेक्टेयर भूमि पर सेब की पैदावार होती है। सेब का प्रतिवर्ष जिले में करोड़ों का कारोबार होता है और जिले की करीब 80 प्रतिशत आबादी इससे जुड़ी हुई है। सेब सीजन के दौरान बाहरी राज्यों के सैकड़ों प्रवासी कामगारों को भी अस्थायी रोजगार मिलता है। बागवानी विभाग के उप निदेशक राजकुमार का कहना है कि इस बार अच्छी फसल होने की उम्मीद है।
000