शिक्षण और प्रशिक्षण अनुसंधान संस्थान खोलने की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश ब्राह्मण सभा का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन गौतम की अगुवाई में उपायुक्त कुल्लू डॉ. अमित कुमार शर्मा से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को प्रदेशभर में सभा की ओर से चलाए जा रहे शास्त्र, धर्म और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही सभा की भावी योजनाओं पर भी चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से शिक्षण एवं प्रशिक्षण अनुसंधान संस्थान खोलने के लिए भूमि उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। सभा की ओर से इस संबंध में पहले ही आवेदन किया जा चुका है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि प्रस्तावित संस्थान के लिए चिह्नित भूमि को कुल्लू जिला ब्राह्मण जनकल्याण सभा के नाम हस्तांतरित किया जाए। इससे संस्थान की स्थापना और उससे जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इस दौरान सभा के पदाधिकारियों ने प्रदेशभर में संचालित विभिन्न कार्यक्रमों और जनकल्याण से जुड़े कार्यों पर भी विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि सभा धार्मिक, सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से समाज में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रयासरत है। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के समक्ष संस्थान की आवश्यकता और इसके संभावित लाभों को भी रखा। इस अवसर पर प्रदेश ब्राह्मण सभा के मुख्य सलाहकार पंडित देवराज, प्रदेश संगठन मंत्री डॉ. केके शर्मा, लोक संपर्क अधिकारी डॉ. भूपिंदर गौतम और पंडित नूरम शर्मा मौजूद रहे। संवाद