कुल्लू के लगघाटी सड़के क्षतिग्रस्त होने पर पैदल की किलटा लेकर सामान लाने के लिए जाती महिलाएं।-स
घाटी में 500 से अधिक बिजली ट्रांसफार्मर ठप होने से अंधेरे में कट रहीं लोगों की रातें
मोबाइल बैटरी का बैकअप खत्म होने से ऑनलाइन पैसा ट्रांसफर नहीं कर पा रहे पर्यटक
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली (कुल्लू)। भारी बारिश और बर्फबारी से मनाली में जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। घाटी में 500 से अधिक ट्रांसफार्मर ठप हैं। जगह-जगह तार और पोल टूटने से मनाली अंधेरे में है।
लगभग 48 घंटे से मनाली शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में ब्लैकआउट है। लोग अंधेरे में रातें गुजार रहे हैं। खास बात यह है कि बिजली न होने से पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकतर लोगों के मोबाइल का बैटरी बैकअप खत्म हो गया है। मोबाइल बंद होने से पर्यटक ऑनलाइन ट्रांसफर भी नहीं कर पा रहे हैं। एटीएम बंद हैं। इससे कैश नहीं निकाल पर रहे हैं।
मनाली के मालरोड में सभी बैंकों के एटीएम बंद हैं। भारी बर्फबारी से सबसे अधिक नुकसान बिजली बोर्ड को हुआ है। सैकड़ों पोल टूट गए हैं। तार जमीन पर गिरे हैं। कई जगह देवदार के पेड़ गिरने से पोल और तार बर्फ में दब गए हैं। बर्फ के बीच बिजली बहाल करना कर्मचारियों के लिए चुनौती बन गया है। हालांकि, बोर्ड के कर्मचारी बिजली बहाल करने में जुटे हैं, लेकिन नुकसान अधिक होने से पूरी तरह से बिजली बहाल होने में दो-तीन दिन का समय लग सकता है। उधर, बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता सुनील कालिया और अजय गोयल ने कहा कि मनाली एक और दो विद्युत उपमंडल में 500 से अधिक ट्रांसफार्मर ब्रेक डाउन हैं। कर्मचारी बिजली बहाल में जुटे हैं। दो-दिन में स्थिति सामान्य हो जाएगी। कुछ जगह आज बिजली बहाल होने की उम्मीद है।