पूर्व विधायक रवि बोले, यह सरकार की जनजातीय विरोधी मानसिकता
.......
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। पूर्व विधायक एवं प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य रवि ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर लाहौल-स्पीति की अनदेखी करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री से सवाल किया कि लाहौल-स्पीति हिमाचल प्रदेश का हिस्सा है या नहीं।
एलपीजी संकट के बीच प्रदेश सरकार की ओर से लाहौल-स्पीति के कोटे से करीब 400 व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडरों को केलांग से मनाली भेजे जाने के फैसले पर उन्होंने कड़ी आपत्ति जताई है। ठाकुर ने कहा कि इस निर्णय के कारण घाटी में होटल और ढाबा संचालकों को सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे पर्यटन सीजन की शुरुआत में कारोबार प्रभावित हो रहा है।
रवि ठाकुर ने कहा कि बर्फ पिघलने के साथ ही लाहौल-स्पीति में पर्यटन गतिविधियां शुरू हो रही हैं। सर्दियों के दौरान बंद रहे होटल, ढाबे और अन्य व्यावसायिक संस्थान दोबारा खुलने लगे हैं। ऐसे समय में लाहौल-स्पीति के एलपीजी भंडारण से 400 सिलिंडर मनाली भेजना सरकार की जनजातीय विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने इस मुद्दे पर स्थानीय विधायक की चुप्पी पर भी सवाल उठाया। उधर, इस मामले को लेकर होटल एसोसिएशन लाहौल का प्रतिनिधिमंडल एसडीएम केलांग से मिला। एसोसिएशन के अध्यक्ष तंजिन कारपा ने कहा कि सरकार का यह निर्णय जनजातीय विरोधी है। संवाद