कुल्लू। महिला आरक्षण बिल को लेकर भाजपा और कांग्रेस में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। एक ओर जहां भाजपा बिल पारित न होने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहरा रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस इसके लिए भाजपा को कसूरवार बता रही है।
बुधवार को यह बात जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुणा ठाकुर ने प्रेसवार्ता में कही। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महिला आरक्षण बिल लोकसभा में गिरने का ठीकरा अब विपक्ष के सिर पर फोड़ रही है। उन्होंने कहा कि परिसीमन भाजपा सरकार की चाल है। लोकसभा में 850 सीटें बढ़ाकर यह अपना हित साधना चाहती है। परिसीमन से छोटे राज्यों में एक दल को फायदा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा यह बताए कि उन्होंने महिलाओं के लिए क्या किया। भाजपा महिला हितैषी बिल्कुल भी नहीं है। मणिपुर में जब महिलाओं को नग्न कर घुमाया गया, तब उन्हें महिला की याद नहीं आई। कुल्लू में बुधवार को हुए प्रदर्शन में भाजपा नेता नारे लगा रही थीं। वहां महिलाओं की संख्या बहुत कम थी। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस महिला अध्यक्ष मीरा ठाकुर, महिला कांग्रेस बंजार ब्लॉक की अध्यक्ष पिंगला भंडारी, कुल्लू शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष उष्मज शर्मा, मनाली शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष रानू, पूर्व पार्षद कुब्जा ठाकुर, महिला कांग्रेस सचिव जीवना आदि मौजूद रहे।