खराहल (कुल्लू)। खराहल घाटी के चंसारी गांव में रविवार को देवता बिजली महादेव के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इस दौरान देवता बिजली महादेव और देवता माहुंटी नाग के देव रथों को मंदिर से बाहर निकाला गया। इसके बाद गांव की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में दोनों देवताओं की पूजा-अर्चना की।
दोपहर बाद मंदिर परिसर में देव नृत्य हुआ, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। इसके बाद दोनों देवता धार्ठ गांव की ओर रवाना हुए। यहां स्थित देवता बिजली महादेव के मंदिर में दोनों देवताओं के साथ माता भागासिद्ध का देव मिलन हुआ।
देव परंपरा के अनुसार बिजली महादेव सात दिनों तक मथान में मेले के बाद विभिन्न स्थानों पर परंपराओं का निर्वहन करते हैं। इसी क्रम में देवता ने हलैणी, बंदल और चंसारी में देव परंपराएं निभाईं। चंसारी मेले को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह रहा। स्थानीय निवासी हेमराज शर्मा और अमित ने बताया कि मेले में पहुंचे मेहमानों की ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से खूब खातिरदारी की। संवाद