सैंज में भाजपा के दो दिवसीय अभ्यास वर्ग में भाग लेते पदाधिकारी। संवाद
सैंज (कुल्लू)। जिले के सैंज में शनिवार को भाजपा का दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय अभ्यास वर्ग का आगाज हुआ। मंडल स्तर पर आयोजित शिविर में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा मुख्य वक्ता रहे। कार्यशाला में विभिन्न सत्रों में अलग-अलग वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। अभ्यास वर्ग में बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सैंज भाजपा मंडल के अध्यक्ष अमर सिंह ठाकुर ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग 2026 एक राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं को सांगठनिक मजबूती को सशक्त बनाना है।
प्रशिक्षण वर्ग के मुख्य वक्ता प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी पार्टी की विचारधारा और नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि व्यक्ति से बड़ा संगठन होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के सूत्र बताते हुए विभिन्न जानकारियां साझा की। जिला भाजपा अध्यक्ष अमित सूद, राहुल सोलंकी, नरेश चौहान, अमर ठाकुर तथा योगेश वर्मा ने भी संगठन को लेकर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन किया। इस दौरान महामंत्री शेर सिंह नेगी, गोपाल शर्मा, मंडल के तमाम पदाधिकारियों सहित विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के संयोजक, बूथ अध्यक्ष, बूथ पालकों के अलावा कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।