विद्युत बोर्ड यूनियन की कार्यकारिणी का गठन
बोर्ड में 9000 विभिन्न श्रेणियों के पद हैं रिक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। राज्य विद्युत बोर्ड कर्मचारी यूनियन की कुल्लू यूनिट का सम्मेलन प्रदेशाध्यक्ष कामेश्वर दत्त शर्मा की अध्यक्षता में हुआ। संगठन सचिव रमेश कुमार की सेवानिवृत्ति पर यूनियन ने उन्हें विदाई दी। इसके उपरांत कुल्लू यूनिट के चुनाव भी करवाए गए और नई कार्यकारिणी का गठन किया। भूपेंद्र कुमार को कुल्लू यूनिट का अध्यक्ष चुना गया।
खूब राम को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, धर्मचंद शर्मा को सचिव, नागेंद्र पाल को संगठन सचिव, हरीश उपाध्यक्ष टेक्निकल, प्रकाश चंद उपाध्यक्ष मिनिस्टीरियल, लीलामणि महिला उपाध्यक्ष, रोशन लाल ठाकुर मुख्य सलाहकार, केशव राम सलाहकार, सुनील ठाकुर कोषाध्यक्ष तथा विकास शर्मा और जगदेव को प्रेस सचिव बनाया। उधर, यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष कामेश्वर दत्त शर्मा ने कर्मचारियों को बताया कि संयुक्त संघर्ष समिति अभियंता, कर्मचारी और पेंशनरों की ओर से दो अप्रैल बिजली पंचायत का आयोजन बिलासपुर में किया जा रहा है। उसमें सभी कर्मचारी हिस्सा लें। उन्होंने सरकार व बोर्ड प्रबंधक से मांग की कि जो युक्तिकरण की प्रक्रिया पदों के समाप्त करने के लिए बोर्ड में इस समय चलाई जा रही है, उसे तुरंत प्रभाव से रोका जाए। कहा कि बिजली बोर्ड में पुरानी पेंशन योजना अभी तक नहीं मिल पाना अत्यंत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सरकार और बोर्ड से मांग की है कि 2003 के बाद लगे बिजली कर्मचारियों को अतिशीघ्र पुरानी पेंशन मुहैया करवाई जाए। बोर्ड में लगभग विभिन्न श्रेणियों के 9,000 पद खाली हैं। बिजली के ढांचे को चलाने के लिए इन पदों पर शीघ्र कर्मचारियों की भर्ती की जरूरत है।
कुल्लू में विद्यूत विभाग मे कार्यरत कर्मचारी संघ के चुने गए पदाधिकारी।-संवाद