छह सितंबर तक मनाया जाएगा उत्सव
संवाद न्यूज एजेंसी
भुंतर (कुल्लू)। जिले के प्रवेश द्वार में गणेश उत्सव छह सितंबर तक मनाया जाएगा। बुधवार को गणेश चौक पर देव विधि-विधान से गणपति बप्पा की मूर्ति स्थापित की गई। इस दौरान समूचा शहर जयकारों से गूंज उठा।
उत्सव समिति के सदस्यों ने बताया कि भुंतर के साथ लगते मणिकर्ण चौक पर 17वां गणेश उत्सव मनाया जा रहा है। उत्सव का शुभारंभ भगवान गणेश की मूर्ति की स्थापना और मंत्रोच्चारण के साथ हुआ।
उन्होंने बताया कि यह उत्सव छह सितंबर तक चलेगा जिसमें सुबह और शाम 07:00 बजे रोजाना आरती की जाएगी। इसके बाद भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। भुंतर में रोजाना माहौल पूरी तरह से भक्तिमय रहेगा। कहा कि मौसम को देखते हुए और प्राकृतिक आपदा के चलते शाम के सांस्कृतिक कार्यक्रम इस बार नहीं होंगे। चार सितंबर को भंडारा लगाया जाएगा। पांच को महाआरती की जाएगी। छह सितंबर को गणेश विसर्जन का कार्यक्रम होगा।