आनी के कुंगशी महादेव मंदिर में भजनों पर झूमते ग्रामीण। संवाद
आनी (कुल्लू)। उपमंडल आनी के ऐतिहासिक कुंगशी महादेव मंदिर में सावन के अंतिम दिन भक्ति और आध्यात्मिकता का अनूठा संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर दिनभर ब्रह्मानंद के प्राचीन भजनों से गूंजता रहा। तीन दिन से चल रहे धार्मिक अनुष्ठानों के बाद रविवार को कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
सोमवार को मंदिर में चला 4 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान पूर्णाहुति के साथ संपन्न हो गया। रविवार को कुंगशी महादेव मंदिर में भजनों पर श्रद्धालु खूब झूमे। नजर भर देख ले मुझको, शरण में आ पड़ा तेरी सहित ब्रह्मानंद के कई प्राचीन भजनों की प्रस्तुतियों ने मंदिर परिसर में आध्यात्मिक माहौल बना दिया। इस दौरान कलाकार नारायण, चिरंजी लाल और देवकी नंद ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से खूब समा बांधा।
मंदिर के कारदार माल सिंह ने बताया कि तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मंदिर में रुद्री, दुर्गा पाठ और रुद्राभिषेक सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने बताया कि सोमवार को विधिवत पूर्णाहुति के साथ धार्मिक कार्यक्रम का समापन हुआ। इस मौके पर दूनी चंद ठाकुर, छज्जू राम, बलदेव, अजीत कुमार, सनी कुमार, रामचंद्र, चंद्रप्रकाश, टेकचंद, शिवराम ठाकुर, नेत्र ठाकुर, भोला दत्त, प्रदीप शर्मा, घनश्याम और जीत सहित अन्य मौजूद रहे।
आनी के कुंगशी महादेव मंदिर में भजनों पर झूमते ग्रामीण। संवाद