पनासरा कालेज में पीटीए की बैठक में भाग लेते अभिभावक।-संवाद
कुल्लू। राजकीय महाविद्यालय पनारसा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अभिभावक-शिक्षक संघ (पीटीए) की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
जनरल हाउस की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. उरसेम लता ने की। बैठक में अभिभावकों और शिक्षकों ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति के साथ उनके सर्वांगीण विकास को लेकर विचार-विमर्श किया।
बैठक का शुभारंभ पीटीए सचिव प्रो. हीरा सिंह ने अभिभावकों और शिक्षकों का स्वागत कर किया। उन्होंने संघ की ओर से वर्षभर आयोजित विभिन्न गतिविधियों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। साथ ही पीटीए फंड से संबंधित आय-व्यय का पूरा लेखा-जोखा भी जनरल हाउस के समक्ष रखा। जनरल हाउस में सत्र 2026-27 के लिए पीटीए की नई कार्यकारिणी का निर्वाचन किया गया। इसमें मनी राम को अध्यक्ष, मोनू नेगी को उपाध्यक्ष, छापे राम को संयुक्त सचिव और कृष्णा देवी को कोषाध्यक्ष चुना गया।
राजू राम, दीना नाथ और भूमि सिंह को कार्यकारिणी सदस्य निर्वाचित किया गया। प्राचार्य डॉ. उरसेम लता ने अभिभावक-शिक्षक संघ की भूमिका और कार्यप्रणाली पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक और सर्वांगीण विकास के लिए अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर संवाद और समन्वय बेहद जरूरी है। पीटीए महाविद्यालय और अभिभावकों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करता है।