आउटर सिराज निरमंड में पंचायत सचिव से मिलकर परिवार रजिस्टर से पत्नी का नाम कटवाकर प्रेमिका का नाम दर्ज करवाने का अजब मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एएसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने इसकी पुष्टि की है।
पुलिस के मुताबिक निरमंड थाना में पंचायत में दर्ज फर्जी नामों को लेकर केस दर्ज किया गया है। शनाह गांव निवासी एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि बीस साल पहले उसकी शादी शनाह गांव निवासी पूर्णचंद से हुई है। हिंदू रीति रिवाज से शादी होने के बाद बाकायदा पंचायत में उसका नाम दर्ज कराया गया, लेकिन पिछले दिनों उसके पति ने पराई औरत के प्यार में पंचायत से उसका नाम हटवा दिया है और साथ ही दूसरी औरत का नाम पंचायत रिकार्ड में दर्ज करवा दिया। एएसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस ने महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपी पति के खिलाफ फर्जीवाड़े और धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टि में यह पंचायत सचिव से मिलकर की गई हेराफेरी का मामला प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पंचायत से रिकार्ड लेकर मामले की तहकीकात शुरू कर दी है। उन्होंने इस केस के सिलसिले में आरोपी पति और पंचायत सचिव की गिरफ्तारी से इनकार नहीं किया है।