दीपावली पर आग की घटनाओं से निपटने के लिए दमकल दस्ते तैयार, सूखे पड़े हाईड्रेंट
कुल्लू में सात और मनाली में खराब पड़े एक हाईड्रेंट को ठीक करने के लिए लिखा है पत्र
दिवाली के त्योहार के के लिए अग्निशमन विभाग के 115 कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। दीपों का त्योहार दिवाली नजदीक है। बाजार रोशनी से जगमगा रहे हैं लेकिन इस चमक के पीछे एक चिंता भी सुलग रही है।
कुल्लू और मनाली में आतिशबाजी और पटाखों से जश्न की तैयारी जोरों पर है, वहीं आग से निपटने के अहम संसाधन हाईड्रेंट दम तोड़ते दिख रहे हैं। कुल्लू में सात और मनाली में एक हाईड्रेंट खराब है। कई वर्षों से जिन संवेदनशील इलाकों में हाईड्रेंट की मांग उठ रही है, वहां आज भी इंतजार बाकी है। विभाग ने जिले में 115 अग्निशमन जवानों की छुट्टियों रद्द कर दी हैं। शहर में खराब हाईड्रेंट की मरम्मत के लिए जलशक्ति विभाग से पत्राचार किया गया है। दिवाली पर आग की घटना पर काबू पाने के लिए विभाग ने ढालपुर चौक में एक वाहन तैनात किया है। जिला मुख्यालय और इसके आसपास 62 हाईड्रेंट हैं लेकिन इनमें सात खराब हैं। कुछ आपदा में दब गए हैं तो कुछ खराब हो गए हैं। पिछले दिनों अग्निशमन और जलशक्ति विभाग ने संयुक्त निरीक्षण किया था। अग्निशमन विभाग ने सात खराब हाईड्रेंट को दिवाली तक दुरुस्त करने को पत्र लिखा है।
पर्यटन नगरी मनाली में 29 में से एक हाईड्रेंट खराब है। जलशक्ति विभाग ने इसे ठीक करने का आश्वासन दिया है। कुल्लू-मनाली के बीच पतलीकूहल बाजार में एक भी हाईड्रेंट नहीं है। अग्निशमन ने कटराईं, नग्गर और पतलीकूहल सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में करीब 10 हाईड्रेंट की मांग की है। अभी तक एक भी नहीं बना है। बंजार में मात्र तीन हाईड्रेंट हैं लेकिन इनमें पानी की किल्लत रहती है। दिवाली के लिए कंट्रोल रूम बनाया है। यहां 13 से 22 अक्तूबर तक अग्निशमन विभाग के कर्मचारी 24 घंटे तैनात रहेंगे। कर्मचारी शिफ्ट के आधार पर तैनात किए गए हैं।
दिवाली को लेकर अग्निशमन विभाग सतर्क है। कर्मचारियों की छुट्टियां 13 से 22 अक्तूबर तक रद्द की गई हैं। उन्हें 12 अतिरिक्त कर्मचारी मिले हैं। दो अग्निशमन वाहन ढालपुर और खेल मैदान में तैनात किए गए हैं। यहां 15 जवान तैनात हैं। -प्रेम भारद्वाज, फायर ऑफिसर कुल्लू
आग की घटना होने पर डायल करें 101 नंबर
जिले में आठ अग्निशमन केंद्र हैं। ये कुल्लू, मनाली, बंजार, जरी, धुंधी, पतलीकूहल, आनी और लारजी में हैं। दिवाली पर आग की घटनाओं पर काबू पाने के लिए 101 नंबर पर 24 घंटे फोन किया जा सकता है।