कुल्लू अस्पताल में ओपीडी में बदलाव के बाद शनिवार को कमरा नंबर 309 में महिलाओं का उपचार करतीं मह
कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में ओपीडी के स्थानों में फेरबदल किया गया है। तीन ओपीडी को एक से दूसरे स्थान पर बदला गया है। नए बदलावों के अनुसार अस्पताल की मेडिसिन ओपीडी कमरा नंबर 107, त्वचा रोग संबंधी ओपीडी कमरा नंबर 119 और महिला रोग ओपीडी कमरा नंबर 309 में चलेगी।
करीब दो माह पूर्व अस्पताल में मुख्य द्वार पर औषधी केंद्र का निर्माण किया गया है। इसके लिए तीन कमरों की व्यवस्था की गई है। एक में निशुल्क, एक में जन औषधी योजना और एक कमरे में अनुदान पर मरीजों को दवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इस औषधी केंद्र को स्थापित करने के कारण अब ओपीडी में फेरबदल करना पड़ा है।
क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में पहले औषधी केंद्र धरातल मंजिल पर एक कोने में था, लेकिन इसे मुख्य द्वार पर लाया गया है। इस कारण स्किन ओपीडी का कमरा केंद्र में उपयोग किया गया। इससे मेडिसिन ओपीडी के बाहर मरीजों को बैठने के लिए जगह नहीं बच पाई, जबकि बाह्य रोगी महिला ओपीडी के बाद मेडिसिन वार्ड में ही सबसे अधिक भीड़ रहती है।
ऐसे में अस्पताल प्रबंधन को ओपीडी में मरीजों की सुविधा के लिए फेरबदल करना पड़ा है। मेडिसिन और चर्म रोग ओपीडी पूर्व की भांति अस्पताल की धरातल मंजिल में ही लगेगी लेकिन इनके कमरों में बदलाव हुआ है। महिलाओं को उपचार करवाने के लिए अब अस्पताल की तीसरी मंजिल में स्थित कमरा नंबर 309 में जाना पड़ेगा।
..............
जनऔषधी केंद्र स्थापित करने से ओपीडी के कमरों में बदलाव किया गया है। इसमें मरीजों की सुविधाओं का ख्याल रखा गया है।
-डाॅ. नरेश चंद, चिकित्सा अधीक्षक