कुल्लू के नित्थर में शुक्रवार को प्रसिद्ध बारह भादो मेला धूमधाम से मनाया गया। इस एक दिवसीय मेले में आराध्य देव बूढ़ा महादेव की भव्य रथयात्रा निकाली गई।
सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की धुन पर इस यात्रा में भाग लिया। रथयात्रा कूपरदड़ से शुरू होकर घरौली गांव और नित्थर के बाजार से गुजरी। यह यात्रा अंततः देवता बूढ़ा महादेव के मंदिर पहुंची। मंदिर में दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। मान्यता है कि देवता बूढ़ा महादेव केवल इसी बारह भादो महीने में अपने रथ में विराजमान होते हैं। स्थानीय लोगों ने पारंपरिक गीतों पर मंदिर परिसर में नाटी डाली। बूढ़ा महादेव मंदिर कमेटी के कारदार कर्मचंद ठाकुर ने बताया कि यह मेला सैकड़ों वर्षों से मनाया जा रहा है। इसमें नित्थर और आसपास के हजारों लोग शामिल होते हैं। वे देवता के दर्शन कर अपने परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना करते हैं।
मेले में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने अपनी दुकानें सजाईं। जलेबी, पकौड़े, कपड़े, जूते और प्लास्टिक का सामान खूब बिका। व्यापारियों का कहना है कि मेलों में बिक्री अच्छी होती है। हालांकि, उन्हें शिकायत है कि एक दिवसीय मेले में केवल पांच-छह घंटे ही सामान बेचने को मिलते हैं। व्यापारियों ने मेले को दो दिवसीय करने की मांग की। इस वर्ष मेले में व्यापारियों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। दूर-दराज से व्यापारी अपनी दुकानें लगाने नित्थर पहुंचते हैं। व्यापारियों ने मेले के स्तर को ब्लॉक स्तरीय बनाने का सुझाव दिया। उनका मानना है कि इससे मेले का और अधिक विकास होगा।
नित्थर में भादों मेला में बूढ़ा महादेव की रथ यात्रा निकलते श्रद्धालु। संवाद