जिला स्तरीय अंडर-19 स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता का वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल भुंतर में समापन हो गया। समापन समारोह में जिला परिषद अध्यक्ष हरिचंद शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
इस दौरान उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में पढ़ाई के अलावा खेलकूद तथा सांस्कृतिक गतिविधियां भी बहुत महत्वपूर्ण होती हैं। इनसे विद्यार्थियों का संपूर्ण विकास होता है। जिला परिषद भी पंचायत स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने भुुंतर स्कूल की चारदीवारी की मरम्मत के लिए डेढ़ लाख और आयोजन समिति को पांच हजार की धनराशि देने की घोषणा भी की।
इस अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वॉलीबाल में मनाली जोन की टीम प्रथम रही, जबकि सीनियर सेकेंडरी स्कूल हरिपुर उपविजेता रहा। कबड्डी में सारी भेखली स्कूल प्रथम, जबकि सीनियर सेकेंडरी स्कूल जाओं द्वितीय रहा। खो-खो में खराहल स्कूल ने बाजी मारते हुए पहला स्थान झटका और आनी जोन द्वितीय स्थान पर रहा। बैडमिंटन में बंजार जोन प्रथम तथा पुजाली स्कूल उपविजेता बना। वहीं, योग में सीसे स्कूल ढालपुर और मार्चपास्ट में निरमंड जोन अव्वल रहा। बेस्ट आयोजक का खिताब भुंतर स्कूल को मिला।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य ओम प्रकाश शर्मा, भुंतर स्कूल की प्रधानाचार्य कल्पना शर्मा, एसएमसी अध्यक्ष हीरा लाल आदि मौजूद रहे।