बजौरा में जिला स्तरीय अंडर-19 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता का समापन
जिले भर के छह जोन की 400 छात्रा खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
संवाद न्यूज एजेंसी
भुंतर (कुल्लू)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बजौरा में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-19 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हो गया है। वॉलीबाल के मुकाबलों में बंजार ने पहला स्थान हासिल किया है।
दूसरे स्थान पर निरमंड स्कूल रहा। समापन पर मुख्यातिथि कांग्रेस कमेटी के महासचिव घनश्याम शर्मा थे।
प्रधानाचार्य कविता कपूर ने बताया कि जिला स्तरीय अंडर-19 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता में कुल्लू जिले के 6 जोन कुल्लू, मनाली, बंजार, निरमंड, आनी और भुंतर से 400 छात्रा खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस दौरान खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन, योगा, शतरंज, जूडो, कुराश और बॉक्सिंग के मुकाबले करवाए गए। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। कबड्डी प्रतियोगिता में मनाली प्रथम और भुंतर दूसरे स्थान पर रहा। खो-खो में कुल्लू पहले, भुंतर दूसरे स्थान पर रहा।
बैडमिंटन में कुल्लू पहले, भुंतर दूसरे स्थान पर रहा। शतरंज में एसवीएस बजौरा पहले और मनाली दूसरे स्थान पर रहा। योग में बागान ने पहला स्थान हासिल किया और निरमंड दूसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा मार्च पास्ट में निरमंड जोन पहले स्थान पर रहा।
कुराश में 36 किलोग्राम में बजौरा पहले, डीके चौंग दूसरे पर रहा। 40 किलोग्राम में सुहाना प्रथम, तमन्ना दूसरे, सिमरन और ज्योति ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा अन्य वर्ग में भी विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।