कुल्लू। मनाली के सोलंगनाला स्थित स्नो प्वाइंट पर पिछले चार दिनों से पर्यटन गतिविधियां ठप पड़ी हैं। ग्राम पंचायत शनाग, गोशाल, बाहंग, मनाली, नसोगी, अलेऊ, सियाल, नग्गर के लोग पर्यटन गतिविधियों से जुड़ी अपनी रोजी-रोटी नहीं चला पा रहे हैं। शुक्रवार को भारी संख्या में शनाग पंचायत के लोग, कोट बूट यूनियन और फोटोग्राफर यूनियन के पदाधिकारी उपायुक्त तोरूल एस रवीश से मिले और समस्या का समाधान करने की गुहार लगाई। शनाग पंचायत के प्रधान रोशन लाल ने बताया कि पहले पंचायत के लोग स्कीइंग और फोटोग्राफी जैसी गतिविधियां आयोजित करते थे, लेकिन अब उन्हें बुरूआ और पलचान पंचायत द्वारा रोका जा रहा है। उन्हें न तो स्कीइंग करने की अनुमति दी जा रही है और न ही फोटोग्राफी की।
स्नो ड्रेस एसोसिएशन के प्रधान दुर्गादत्त ठाकुर ने कहा कि 27 जनवरी से पलचान पंचायत ने स्कीइंग और एडवेंचर गतिविधियों पर रोक लगा दी है। इससे यहां के 1000 शॉपकीपर्स, 700 स्कीइंग कार्यकर्ता और 5000 से अधिक लोग प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने उपायुक्त से अपनी मांग रखते हुए कहा कि पंचायत पहले से काम कर रहे लोगों को भी रोक रही है।
रिसर्चर पवन ने कहा कि पलचान और बुरूआ पंचायतों ने एकतरफा नीति बनाई है, जो सोलंगनाला में काम करने वाले सभी लोगों के रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है।
उनका कहना है कि पंचायतों को आपस में मिलकर इस समस्या का समाधान निकालना चाहिए। बहरहाल मामला सामने आने के बाद सैकड़ाें लोगों के रोजगार पर तलवार लटक गई है।