दो वर्ष पहले भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुआ बालू स्कूल का भवन।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
आनी विकास खंड की दुर्गम करशईगाड़ पंचायत के बालू प्राथमिक स्कूल के 49 विद्यार्थियों की पढ़ाई पिछले दो वर्षों से एक ही कमरे में चल रही है। कमरों की कमी और मूलभूत सुविधाओं के अभाव में विद्यार्थियों और स्टाफ को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दो साल पहले भूस्खलन की चपेट में आने से स्कूल का भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। घटना में शौचालय, स्टेशनरी और स्कूल का अन्य सामान भी मलबे में दबकर नष्ट हो गया।
विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए अस्थायी व्यवस्था की गई, लेकिन दो वर्ष बीत जाने के बावजूद नए भवन का निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। बालू प्राथमिक स्कूल में दो पंचायतों के 49 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। पहली से पांचवीं तक की कक्षाएं एक कमरे में लग रही हैं। यह कमरा स्कूल से मुख्य भवन से अलग बना था, जिस कारण वह भूस्खलन की चपेट में आने से बच गया। इसी कमरे को अब पांच कक्षाओं, स्टाफ रूम और कार्यालय के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। स्कूल में शौचालय भी एक ही है। इसी शौचालय को अध्यापक और बच्चे दोनों इस्तेमाल करते हैं। विद्यार्थियों की संख्या के मुकाबले एक कमरे में पढ़ाई करवाना स्कूल प्रबंधन के लिए भी चुनौती बना हुआ है। पर्याप्त कक्षाओं और मूलभूत सुविधाओं के अभाव में विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्कूल भवन क्षतिग्रस्त होने के बाद से ही बच्चे सीमित संसाधनों के बीच पढ़ाई करने को मजबूर हैं। कार्यकारी खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी (बीईईओ) आनी उत्तम ने बताया कि स्कूल भवन के निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार कर संबंधित स्तर पर भेज दिया गया है।
एसएमसी ने प्रस्ताव भेजा, नहीं मिला बजट
स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष चमन लाल ने बताया कि स्कूल भवन के निर्माण के लिए समिति की ओर से प्रस्ताव पारित कर संबंधित विभाग के समक्ष मामला उठाया गया है। अभी तक भवन निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत नहीं हुई है। शिक्षा विभाग से मांग की है कि विद्यार्थियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए बालू प्राथमिक स्कूल के नए भवन के निर्माण के लिए जल्द बजट उपलब्ध करवाया जाए।
कमरों की कमी से बच्चों की पढ़ाई हो रही प्रभावित
अभिभावक विनय कुमार का कहना है कि स्कूल एक कमरे में चल रहा है। बच्चों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। उनकी शिक्षा भी प्रभावित है। सरकार से मांग है कि दूरदराज क्षेत्र के इस स्कूल के लिए नए भवन का निर्माण करवाया जाए, ताकि बच्चों को पर्याप्त कक्षाएं और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
सरकार आनी क्षेत्र के साथ कर रही भेदभाव
विधायक लोकेंद्र कुमार का कहना है कि वर्तमान कांग्रेस सरकार आनी विधानसभा क्षेत्र की जनता से भेदभाव कर रही है। क्षेत्र की योजनाओं के लिए बजट उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा है, जिस कारण विकास कार्य लंबित पड़े हुए हैं। स्कूल की समस्या का समाधान निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।