पतलीकूहल (कुल्लू)। मलाणा घाटी में तार स्पैन सेवा के माध्यम से भेजा गया आभूषणों से भरा एक बैग चोरी हो गया। काफी तलाश के बाद भी बैग का कोई पता नहीं चलने पर पीड़िता ने मंगलवार को पुलिस थाना मणिकर्ण में शिकायत दर्ज करवाई है। मामला डेढ़ माह पहले का है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मलाणा निवासी रिया पत्नी नेक राम ने शिकायत में बताया कि 19 जून को उन्होंने मलाणा से निरंग तक भेजने के लिए अपना बैग तार स्पैन सेवा संचालित करने वाले को सौंपा था। बैग को आगे वाहन के माध्यम से निरंग पहुंचाया जाना था। बैग में आभूषण और अन्य सामान रखा हुआ था।
महिला ने काफी समय तक अपने स्तर पर बैग की तलाश की, लेकिन न मिलने पर आखिरकार पुलिस में शिकायत दर्ज करने पड़ी। पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।संवाद